बढ़ती ठंड के बीच शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव जलाने की मांग, नेता प्रतिपक्ष ने नगर पालिका को लिखा पत्र

 बैकुंठपुर। मौसम में बदलाव के साथ बढ़ती ठंड और सुबह-शाम की ठिठुरन को देखते हुए बैकुंठपुर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग उठने लगी है। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर की नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने नगर पालिका प्रशासन से आम नागरिकों को ठंड से राहत दिलाने के लिए शीघ्र अलाव की व्यवस्था करने की अपील की है।

नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने इस संबंध में 13 नवंबर को नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर शहर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ठंड बढ़ने से आम नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बैकुंठपुर पहुंचते हैं, ऐसे में सुबह और देर शाम उन्हें ठंड का सामना करना पड़ता है।


उन्होंने कुमार चौक, जनपद चौक, जिला अस्पताल, बस स्टैंड एवं सब्जी मंडी सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया है, ताकि राहगीरों, जरूरतमंदों और आम नागरिकों को ठंड से राहत मिल सके। अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने नगर पालिका प्रशासन से जनहित एवं मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने और ठंड का असर रहने तक नियमित रूप से अलाव जलाने की पहल करने की अपील की है।

जनसमस्याओं को लेकर लगातार उठाती रही हैं आवाज

नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह शहर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर समय-समय पर आवाज उठाती रही हैं। गेज नदी में गंदे नालों का पानी प्रवाहित होने, हेचरी हटाने की मांग, सफाई व्यवस्था, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप, स्ट्रीट लाइट, सड़क और पेयजल जैसी समस्याओं को उन्होंने लगातार उठाया है।नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वच्छ वातावरण बनाए रखना और जनसमस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। शहर के लोगों को राहत मिले और कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण परेशान न हो, यही उनकी प्राथमिकता है।

Previous Post Next Post