सूरजपुर देवनगर- सूरजपुर जिले के रामानुजनगर SDM की गाड़ी शुक्रवार को अचानक अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। इस हादसे में SDM, वाहन चालक और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के देवनगर स्थित अटल चौक के पास की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर अचानक सामने आई एक बाइक को बचाने के प्रयास में वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सीधे दुकान में घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्राथमिक उपचार के बाद कलेक्टर स्वयं सभी घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

