विश्व हिंदी परिषद का विस्तार, डॉ. सपन सिन्हा बने सरगुजा संभागीय संयोजक

अम्बिकापुर(सरगुजा)- विश्व हिंदी परिषद की छत्तीसगढ़ प्रांतीय इकाई का विस्तार करते हुए एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति की गई है। परिषद के सिद्धांतों और भाषाई एकता के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अम्बिकापुर के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि एवं भाषाविद् डॉ. सपन सिन्हा को सर्वसम्मति से सरगुजा संभाग का संभागीय संयोजक नियुक्त किया गया है।

परिषद का मुख्य उद्देश्य हिंदी भाषा को केवल संवाद का माध्यम न बनाकर उसे वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय अस्मिता और सुशासन के मूल्यों से जोड़ना है। संगठन नई पीढ़ी में भारतीय संस्कारों का प्रसार, शोधपरक साहित्य को प्रोत्साहन और देशभर में भाषाई व सामाजिक समरसता स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

यह नियुक्ति राष्ट्रीय और प्रांतीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। परिषद के राष्ट्रीय महासचिव विपिन सर एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र के विज़न से संगठन लगातार विस्तार कर रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में प्रदेश संयोजक डॉ. विनय कुमार पाठक के बौद्धिक मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संगीता बनाफ़र के नेतृत्व में परिषद साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।नवनियुक्त संभागीय संयोजक डॉ. सपन सिन्हा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सरगुजा संभाग के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों तक हिंदी के प्रचार-प्रसार और सांस्कृतिक चेतना को पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे इस नियुक्ति पर परिषद के पदाधिकारियों सहित छत्तीसगढ़, अम्बिकापुर और सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों के साहित्यकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. सिन्हा को बधाई दी है।

Previous Post Next Post