राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जारी किया ₹200 का स्मारक सिक्का, माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर मिला राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर(छत्तीसगढ़) भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर ₹200 का स्मारक सिक्का जारी किया। इस पहल के माध्यम से माता साहिब हासी देवी के आध्यात्मिक योगदान, समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, इंदौर के सांसद  शंकर लालवानी, रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा शदाणी दरबार के नौवें पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिरलाल सादाणी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


सेवा, करुणा और मानवता की प्रतीक थीं माता साहिब हासी देवी

पूज्य माता साहिब हासी देवी शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं। वे अपने सेवाभावी व्यक्तित्व, करुणा और मानवता के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती हैं। ब्रिटिश शासन के दौरान भी उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता और रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन निःस्वार्थ सेवा, सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके जीवन का मूल संदेश रहा कि सेवा ही सच्ची साधना है और मानवता ही ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग है। उनके आदर्श आज भी लोगों को समाजसेवा और परोपकार के लिए प्रेरित करते हैं।

चार धातुओं से तैयार किया गया है स्मारक सिक्का

पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में जारी इस स्मारक सिक्के का अंकित मूल्य ₹200 है। सिक्के का बाहरी व्यास 44 मिलीमीटर और मानक वजन 35 ग्राम है। इसे चार धातुओं के मिश्रण से तैयार किया गया है। सिक्के में 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकेल और 5 प्रतिशत जस्ता शामिल हैं। इसके एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष, ‘भारत’ और ‘INDIA’ शब्द, रुपये का प्रतीक तथा अंकित मूल्य दर्शाया गया है। वहीं, दूसरी तरफ पूज्य माता साहिब हासी देवी की छवि अंकित है।


महिला सशक्तीकरण और निःस्वार्थ सेवा को मिला सम्मान

माता साहिब हासी देवी के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी किया जाना उनकी आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह आयोजन समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका, महिला सशक्तीकरण और निःस्वार्थ सेवा की परंपरा को भी रेखांकित करता है। यह स्मारक सिक्का आने वाली पीढ़ियों को माता साहिब हासी देवी के आदर्शों से परिचित कराने के साथ-साथ करुणा, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देगा।

Previous Post Next Post