11 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
रायपुर- स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु इन शहरों को सम्मानित करेंगी। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सफाई मित्रों की मेहनत, बेहतर प्रबंधन और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। स्वच्छता अब केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित जनआंदोलन बन चुकी है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र भेजकर तीनों शहरों के चयन की औपचारिक जानकारी राज्य सरकार को दी है। राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रत्येक चयनित शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर पुरस्कार ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। इनमें सफाई मित्रों और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े मैदानी कर्मचारियों को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि तीन शहरों को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से प्रदेश में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा।
