साड़ी खरीदी में कथित घोटाले पर बवाल,महिला कांग्रेस ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का किया पुतला दहन निष्पक्ष जांच की मांग

कोरिया बैकुंठपुर-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर रविवार को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कुमार चौक पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन करते हुए कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। 

यह प्रदर्शन प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संजोती मरकाम ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी की गई है। महिला कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में करीब 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में लगभग 9.7 करोड़ रुपये की अनियमितता हुई है। 

महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से कराई गई इस खरीदी में घटिया गुणवत्ता की साड़ियां सप्लाई की गईं। निर्धारित 5.5 से 6.3 मीटर लंबाई के बजाय करीब 5 मीटर की साड़ियां दी गईं, साथ ही बाजार में कम कीमत वाली साड़ियों को अधिक मूल्य पर दिखाकर आपूर्ति की गई। महिला कांग्रेस  ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन में पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव,जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर , आशीष यादव सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post