कोरिया में ‘ट्री हाउस’ में ठहरने का अनोखा अनुभव, अब ऑनलाइन बुकिंग शुरू

 

कोरिया बैकुंठपुर-पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत घुनघुट्टा में बने ‘कोरिया ट्री हाउस’ के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू कर दी है। प्राकृतिक वातावरण के बीच लकड़ी से निर्मित यह ट्री हाउस पर्यटकों को एक अनोखा और यादगार अनुभव देने के लिए तैयार है।


पर्यटन बोर्ड के अनुसार ट्री हाउस के लिए सीजनवार दरें निर्धारित की गई हैं। नॉन-पीक सीजन (1 अप्रैल से 30 जून) में सप्ताह के सभी दिनों सिंगल रूम का किराया 2100 रुपये, डबल 2625 रुपये और अतिरिक्त व्यक्ति सहित 3150 रुपये तय किया गया है। वहीं पीक सीजन (1 जुलाई से 31 मार्च) में सोमवार से गुरुवार तक सिंगल 2625 रुपये, डबल 3150 रुपये और अतिरिक्त व्यक्ति सहित 3750 रुपये रहेगा। शुक्रवार से रविवार के लिए सिंगल 2835 रुपये, डबल 3360 रुपये और अतिरिक्त व्यक्ति सहित 3885 रुपये निर्धारित किया गया है। पर्यटकों और खासकर युवाओं को आकर्षित करने के लिए यहां प्री-वेडिंग और वीडियो शूटिंग की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए 15,000 रुपये प्रतिदिन (जीएसटी सहित) शुल्क तय किया गया है। शूटिंग के दौरान यदि दो कक्ष खाली रहते हैं, तो ‘फ्रेश एंड चेंज’ के लिए उन्हें दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक अधिकतम 10 लोगों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि शूटिंग के दौरान अन्य पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन या किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि की स्थिति में कक्ष खाली कराने के साथ राशि जब्त की जा सकती है और आवश्यक होने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। पर्यटक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पसंद का स्थान चुनकर चेक-इन/चेक-आउट तिथि, कमरों की संख्या और अन्य विवरण दर्ज कर सकते हैं। डेबिट और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भुगतान कर बुकिंग सुनिश्चित की जा सकती है। पोर्टल पर रीयल-टाइम में कमरों की उपलब्धता और किराए की जानकारी भी मिल सकेगी।

इस पहल से कोरिया जिले में पर्यटन को नई गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Previous Post Next Post