आगामी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए शारदा प्रसाद गुप्ता ने पेश की भाजपा से दावेदारी

विधायक भैयालाल राजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी सहित वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात, संगठन के समक्ष जताई आगामी चुनाव में अध्यक्ष पद के लिऐ चुनाव लड़ने की इच्छा

बैकुंठपुर कोरिया- नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। अध्यक्ष पद के लिए संभावित दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता एवं विभिन्न सामाजिक-संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर रहे शारदा प्रसाद गुप्ता ने नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है।

शारदा गुप्ता ने इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी से मुलाकात कर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा जाहिर की। इसके बाद उन्होंने बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े से भी मुलाकात की। साथ ही पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल तथा मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक से भेंट कर अपनी दावेदारी रखी।

[



सामान्य अनारक्षित सीट होने के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल

बताया गया है कि इस बार नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के अध्यक्ष पद के लिए सामान्य अनारक्षित मुक्त सीट घोषित हुई है। ऐसे में अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों में संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। शारदा गुप्ता की अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर लंबे समय से शहर में चर्चाएं भी चल रही थीं। वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के दौरान शारदा गुप्ता ने संगठन में अपने लंबे कार्यकाल, सामाजिक गतिविधियों और सार्वजनिक जीवन में निभाई गई विभिन्न जिम्मेदारियों का उल्लेख किया।

छात्र राजनीति से शुरू हुआ सार्वजनिक जीवन

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से शारदा गुप्ता ने अपने सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी सामाजिक-राजनीतिक यात्रा महाविद्यालयीन छात्र राजनीति से शुरू हुई। बैकुंठपुर महाविद्यालय में छात्रों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से उन्होंने छात्र संघर्ष समिति के गठन में भूमिका निभाई। इसके अलावा वे शासकीय शशिम बैकुंठपुर के प्रथम छात्रसंघ के लगातार दो बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। भोपाल स्थित आवासीय विद्यालय शारदा विहार में भी उन्होंने छात्रसंघ सचिव का दायित्व संभाला। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर विभिन्न दायित्वों पर कार्य किया। विद्यार्थी परिषद में जिला सहसंयोजक सहित महाविद्यालयीन चुनावों के प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

भाजपा और सामाजिक संगठनों में निभाई विभिन्न जिम्मेदारियां

शारदा गुप्ता के अनुसार उन्होंने वर्ष 2010 से 2024 तक युवा मोर्चा कोरिया में विभिन्न पदों पर कार्य किया। इसके बाद लोकसभा सोशल मीडिया संयोजक, कोरबा की जिम्मेदारी भी निभाई। चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज कोरिया में विभिन्न पदों पर कार्य करने के बाद वर्तमान में वे जिला अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

इसके अलावा स्वदेशी जागरण मंच में जिला बौद्धिक प्रमुख, जिला संयोजक के बाद वर्तमान में जिला समन्वयक की जिम्मेदारी संभालने की बात उन्होंने कही है। पूर्व में नेहरू युवा केंद्र कोरिया में महानिदेशक प्रतिनिधि, भारत सरकार के दायित्व का भी निर्वहन किया।


भाजपा के जिला मंत्री के रूप में भी सक्रिय

वर्तमान में भाजपा जिला मंत्री के रूप में कार्य कर रहे शारदा गुप्ता ने पार्टी के विभिन्न अभियानों एवं कार्यक्रमों में भी जिम्मेदारियां निभाई हैं। इनमें लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जन्मजयंती वर्ष के सहसंयोजक, जिला सेवा संकल्प अभियान संयोजक, जिला बजट प्रचार अभियान 2026 के सह-संयोजक, छत्तीसगढ़ मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में BLA-1, जिला नेक्स्ट जेनरेशन GST सुधार टीम के सदस्य तथा भाजपा जिला प्रशिक्षण टोली में सहसंयोजक, प्रशिक्षक एवं विषय वक्ता की भूमिका शामिल है। भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान रखने वाले शारदा गुप्ता का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से संगठन और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहकर विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। अब नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने संगठन के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। अंतिम निर्णय पार्टी संगठन द्वारा लिया जाएगा।

Previous Post Next Post