बीकानेर में कांग्रेस का ऐतिहासिक प्रदर्शन, भाजपा के गढ़ में लगाई सेंध

42 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत, नगर निगम में बोर्ड बनाने की राह साफ; भाजपा 27 सीटों पर सिमटी

बीकानेर(राजस्थान)- बीकानेर नगर निगम निकाय चुनाव के नतीजों ने शहर की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। भाजपा के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले बीकानेर में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 में से 42 वार्डों में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। इस जीत के साथ कांग्रेस नगर निगम में अपना बोर्ड बनाने की स्थिति में पहुंच गई है।


वहीं, भाजपा को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा है। पार्टी 27 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी। जबकि 10 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की और 1 सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के खाते में गई।

हाई-प्रोफाइल सीटों पर भी बड़ा उलटफेर

चुनाव परिणामों में कई हाई-प्रोफाइल वार्डों में चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। वार्ड नंबर 47 में भाजपा जिलाध्यक्ष की प्रतिष्ठा से जुड़ी मानी जा रही सीट पर भाजपा प्रत्याशी सरिता नाहटा को हार का सामना करना पड़ा। यहां कांग्रेस प्रत्याशी सविता जोशी ने जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया।


वहीं वार्ड नंबर 28 में भी बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। भाजपा के दिग्गज नेता की पत्नी मधु सुराणा को निर्दलीय प्रत्याशी लक्ष्मी देवी कातेला ने शिकस्त देकर चुनाव परिणाम को और भी रोचक बना दिया।

जीत के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न

परिणामों की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विजयी प्रत्याशियों को समर्थकों ने कंधों पर उठाया। शहर में गुलाल-अबीर उड़ाकर जीत का जश्न मनाया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और आतिशबाजी के बीच समर्थकों ने विजय जुलूस निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया।


बीकानेर नगर निगम चुनाव का परिणाम

कांग्रेस — 42 सीट

भाजपा — 27 सीट

निर्दलीय — 10 सीट

RLP — 1 सीट

कुल — 80 सीट

42 सीटों के साथ कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसे में बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है। इस परिणाम को भाजपा के गढ़ में कांग्रेस की बड़ी राजनीतिक सेंध के तौर पर देखा जा रहा है।

Previous Post Next Post