बैकुंठपुर कोरिया जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जामपारा निवासी लक्ष्मण को लगभग 3 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम बैकुंठपुर में मदिरा दुकानों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जामपारा निवासी लक्ष्मण अपने घर में भारी मात्रा में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान लक्ष्मण के शयन कक्ष से एक झोले में 2.883 किलोग्राम (लगभग 3 किलो) गांजा बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत गिरफ्तार कर बैकुंठपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने का आदेश दिया गया इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और नीरज चौहान की अहम भूमिका रही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरगुजा संभाग में नशे के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और आगे भी ऐसे नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे संभाग को सूखे नशे से मुक्त करने के लिए टीम लगातार प्रयासरत है।
