जश्ने जबां में प्रतिभाओं का संगम, आरू साहू और ओम अग्रहरि, सचिन गुप्ता(डिम्मी)ने बांधा समा

82 युवाओं को मिला मंच, सुंदरपुर विद्यालय के छात्रों ने मलखंभ से बटोरी वाहवाही

 बैकुंठपुर (जिला कोरिया)-- कोरिया जिले के बैकुंठपुर झुमका तट स्थित ओपन एयर थियेटर में आयोजित दो दिवसीय “जश्ने जबां” सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ विधायक भइया लाल राजवाड़े ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, कलाकार और दर्शक उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि “जश्ने जबां” जैसे आयोजन युवाओं की कला प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के प्रथम उपन्यास “यक्षिणी” का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने शासकीय सेवा के साथ साहित्य सृजन करने पर डॉ. चतुर्वेदी की सराहना की। विधायक भइया लाल राजवाड़े ने उपन्यास पढ़कर अपनी प्रतिक्रिया देने की बात कही।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में युवा गायक ओम अग्रहरि ने ओपन माइक प्रस्तुति से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। रायपुर की संगीता नृत्य अकादमी ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि छत्तीसगढ़ रत्न एवं लोक गायिका आरू साहू ने देर रात तक भजन और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


महोत्सव के पहले दिन जिले की 82 प्रतिभाओं को मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिला। सुंदरपुर विद्यालय के 40 छात्र-छात्राओं ने मलखंभ का आकर्षक प्रदर्शन किया




 वहीं स्थानीय लोक नर्तक दल के 30 कलाकारों ने लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति दी। काव्य पाठ, गायन और मंच संचालन में भी जिले के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे, जबकि पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।


Previous Post Next Post