बैकुंठपुर कोरिया-बैकुंठपुर बाई सागर स्थित तेरापंथ भवन के पास खुली पड़ी नाली स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और ठेकेदार को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक नाली निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, नाली लंबे समय से खुली होने के कारण राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम भी नजदीक आ गया है, ऐसे में नाली में पानी भरने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते नाली को ढंकने या उसका निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। साथ ही बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या भी बढ़ सकती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि संबंधित विभाग जनहित को ध्यान में रखते हुए तेरापंथ भवन के पास खुली नाली की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाना चाहिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
