गैस पाइपलाइन कार्य से मनेन्द्रगढ़ की सड़कें बदहाल, जलापूर्ति भी प्रभावित, जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने उठाए सवाल, 15 दिन में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी



मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ शहर में पिछले करीब छह माह से चल रहे गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर कांग्रेस पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने निर्माण एजेंसी और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एमसीबी जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने आरोप लगाया है कि पाइपलाइन कार्य में लापरवाही के कारण शहर की कई सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जबकि खुदाई के दौरान बार-बार पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इससे शहरवासियों को लगातार पेयजल संकट और आवागमन की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि गैस पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी ने खुदाई के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं कराई और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं। शहर के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे, मिट्टी के ढेर और बारिश के कारण कीचड़ व जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर केवल औपचारिक बैरिकेड लगाकर कार्य छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पेयजल पाइपलाइन को बार-बार नुकसान पहुंचने से कई वार्डों में पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने से कई बाइक चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो चुके हैं। वहीं गड्ढों में जमा पानी और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सड़क की एक लेन बंद रहने से शहर में जाम की समस्या भी लगातार बनी हुई है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। स्वप्निल सिन्हा ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि 15 दिनों के भीतर सभी खोदी गई सड़कों की मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाया जाए। साथ ही निर्माण स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पेयजल पाइपलाइन को नुकसान से बचाने के लिए निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी की भी मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आम नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन करेगी।

Previous Post Next Post