15 साल पुराने ₹2.70 करोड़ के फर्नीचर खरीदी प्रकरण में दो गिरफ्तार, शासन को ₹67.15 लाख की आर्थिक क्षति

अंबिकापुर-करीब 15 वर्ष पुराने स्कूल फर्नीचर खरीदी से जुड़े ₹2.70 करोड़ के प्रकरण में आर्थिक अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में शासन को ₹67.15 लाख से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाने के आरोप में तत्कालीन जिला परियोजना समन्वयक, राजीव गांधी शिक्षा मिशन अंबिकापुर सत्यप्रकाश पाण्डेय (एस.पी. पाण्डेय) और मेसर्स दर्शन फेब्रिकेशन एवं आकृति प्रिंटिंग प्रेस के संचालक संजय पटेल को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। 

मामला वर्ष 2010-11 का है। उस समय अविभाजित सरगुजा जिले के अंतर्गत सूरजपुर एवं बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र की पूर्व माध्यमिक शालाओं में फर्नीचर खरीदी के लिए कार्यालय राजीव गांधी शिक्षा मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, अंबिकापुर को करीब ₹2.70 करोड़ का बजट आवंटित हुआ था। तत्कालीन कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक की स्वीकृति के बाद पंजीकृत फर्मों को CSIDC की निर्धारित दरों पर फर्नीचर क्रय एवं आपूर्ति के आदेश जारी किए गए थे इस मामले में वर्ष 2017 में अपराध क्रमांक 28/2017 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लंबे समय से चल रही विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर अब आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच में आरोप है कि संजय पटेल द्वारा संचालित मेसर्स दर्शन फेब्रिकेशन के माध्यम से वास्तविक रूप से फर्नीचर की आपूर्ति किए बिना उसकी आपूर्ति दर्शाई गई और बिल प्रस्तुत कर शासकीय राशि का भुगतान प्राप्त किया गया। जांच में इस अनियमित भुगतान से शासन को ₹67,15,814 की आर्थिक क्षति होना पाया गया। विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि भुगतान की गई राशि में से संजय पटेल द्वारा अपना कमीशन रखने के बाद शेष राशि तत्कालीन जिला परियोजना समन्वयक सत्यप्रकाश पाण्डेय को दिए जाने के संबंध में साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी के अनुसार दोनों आरोपियों ने आपसी षड्यंत्र और मिलीभगत से वास्तविक आपूर्ति के बिना बिलिंग एवं भुगतान की प्रक्रिया को अंजाम दिया।

अन्य आपूर्तिकर्ताओं की भूमिका भी जांच के दायरे में

जांच में अन्य फर्नीचर आपूर्तिकर्ताओं द्वारा भी आपूर्ति में अनियमितता किए जाने और तत्कालीन जिला परियोजना समन्वयक द्वारा उनसे कथित रूप से कमीशन लिए जाने के तथ्य सामने आए हैं। अन्य फर्मों द्वारा की गई वास्तविक आपूर्ति, प्राप्त भुगतान और कथित कमीशन की राशि की जांच अभी जारी है।

प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(डी), 13(2) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी, 420 एवं 409 के तहत अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात जांच एजेंसी ने कही है।

दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

जांच के आधार पर 19 अगस्त 2026 को तत्कालीन जिला परियोजना समन्वयक सत्यप्रकाश पाण्डेय और संजय पटेल को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

फिलहाल मामले की अग्रिम विवेचना जारी है और जांच में सामने आए अन्य आपूर्तिकर्ताओं तथा कथित कमीशन लेन-देन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post