सूरतगढ़ में चाय के बढ़े दामों पर छात्रों का विरोध, दुकानदारों ने वापस ली बढ़ी दरें

श्रीगंगानगर(राजस्थान)-सूरतगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने चाय के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में कलाम पार्क में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। छात्रों के विरोध के बाद चाय दुकानदारों ने बढ़ी हुई दरें तत्काल प्रभाव से वापस लेते हुए चाय के दाम पूर्ववत कर दिए।

छात्रों के संगठन ‘छात्र एकता यूनियन’ ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की मजबूरियों का फायदा उठाकर शहर में अलग-अलग स्तर पर मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। यूनियन का कहना है कि चाय के दामों में बढ़ोतरी इसी समस्या का एक हिस्सा है।

गैस की कालाबाजारी और लाइब्रेरी फीस का भी उठाया मुद्दा

छात्र एकता यूनियन के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शहर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के चलते छात्रों से निर्धारित कीमत से अधिक, कई मामलों में दोगुने दाम तक वसूले जा रहे हैं। इसके अलावा शहर की लाइब्रेरियों में फीस और समय को लेकर भी कोई स्पष्ट मानक नहीं होने का आरोप लगाया गया।छात्रों का कहना है कि कई लाइब्रेरी संचालक मनमानी फीस वसूल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद छात्रों को अपेक्षित बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यूनियन ने कहा कि भारी फीस और कथित अवैध वसूली के चलते आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर लाइब्रेरी और हॉस्टल सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है।

पीजी, हॉस्टल और लाइब्रेरी संचालकों को चेतावनी

छात्र एकता यूनियन ने पीजी, हॉस्टल और लाइब्रेरी संचालकों से अपनी कार्यशैली और दरों में सुधार करने की मांग की है। यूनियन ने कहा कि यदि छात्रों पर आर्थिक दबाव और कथित मनमानी जारी रही, तो छात्र संगठन दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। साथ ही यूनियन ने स्थानीय प्रशासन से घरेलू गैस की कथित कालाबाजारी और छात्रों से अधिक कीमत वसूले जाने के मामलों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनके आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Previous Post Next Post