स्कूल की छत से टपकता पानी, ठोस अवशिष्ट प्रबंधन इकाई भवन में पढ़ रहे नौनिहाल

नारायणपुर में 100 से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, टीन शेड के छोटे से कमरे में चल रही कक्षाएं; अधिकारियों ने मांगा प्रतिवेदन

एमसीबी-एमसीबी जिले के ग्राम पंचायत नारायणपुर में सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति ने शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल भवन की छत से बारिश का पानी टपकने के कारण कक्षा पहली से आठवीं तक के 100 से ज्यादा बच्चों को इन दिनों स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए ठोस अवशिष्ट प्रबंधन इकाई के टीन शेड वाले कमरे में पढ़ाई करनी पड़ रही है।

बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान स्कूल भवन की छत से पानी टपकने की समस्या के चलते बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं को कुछ दिनों से दूसरे स्थान पर संचालित किया जा रहा है। इसके लिए स्कूल भवन के समीप स्थित ठोस अवशिष्ट प्रबंधन इकाई के छोटे से भवन का उपयोग किया जा रहा है।

एक कमरे में सिमटे बच्चे

टीन शेड वाले इस भवन में बच्चों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त जगह नहीं है। कक्षा पहली से आठवीं तक के 100 से अधिक बच्चों को यहां बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद कुछ कक्षाएं अब पंचायत भवन में भी संचालित की जा रही है,सीमित जगह के कारण बच्चों को बैठने में परेशानी हो रही है, वहीं पढ़ाई के लिए भी उन्हें पर्याप्त और अनुकूल वातावरण नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि जब स्कूल भवन में बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या सामने आ चुकी है, तो इसकी मरम्मत अथवा स्थायी समाधान अब तक क्यों नहीं किया गया।

अधिकारियों को जानकारी, प्रतिवेदन की तैयारी

मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी रविकान्त यादव ने बताया कि बात संज्ञान में आई है बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल भवन में पानी टपकने के कारण कुछ दिनों से स्कूल दूसरे स्थान पर लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बीईओ से बात कर प्रतिवेदन मंगाया गया है।अब देखना होगा कि संबंधित विभाग स्कूल भवन की समस्या के समाधान के लिए कितनी जल्द कार्रवाई करता है और नारायणपुर के बच्चों को कब तक इस असुविधा से राहत मिल पाती है।

Previous Post Next Post